उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत अब ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ की शुरुआत की गई है, जिसके तहत देर रात सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को लगातार सघन चेकिंग करने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसपी ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नगर और देहात क्षेत्रों में होटल, पब, बार और रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान रायपुर क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट संचालक द्वारा बिना लाइसेंस के अवैध रूप से शराब परोसने का मामला सामने आया। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर संचालक को गिरफ्तार किया। मौके पर शराब पी रहे 18 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। इसके अलावा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए 47 अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई करते हुए कड़ी चेतावनी दी गई।
वहीं राजपुर क्षेत्र में देर रात चेकिंग के दौरान इंद्र बाबा तिराहे स्थित एक कैफे में नियमों का उल्लंघन पाया गया। यहां देर रात तक कैफे खुला होने के साथ हुक्का पिलाया जा रहा था। पुलिस ने कैफे संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया और कैफे को बंद करा दिया।
इसके अलावा विकासनगर कोतवाली और डोईवाला क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टा गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए 3 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से सट्टा सामग्री और नगदी बरामद की गई। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नशा तस्करी के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 4 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 14.72 ग्राम अवैध स्मैक और 227 टेट्रा पैक अवैध देसी शराब बरामद की गई। तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी को भी सीज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जनपद में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा, ताकि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।