हरिद्वार के चंडी देवी मंदिर के महंत पर छेड़छाड़ का आरोप, गिरफ्तारी के बाद पहली पत्नी के दावे से मचा बवाल

देहरादून: हरिद्वार के प्रसिद्ध चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी को लुधियाना की एक महिला द्वारा छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि रोहित गिरी ने उसे झांसा देकर एक सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। यह मामला अब कई नए मोड़ों के साथ तूल पकड़ता जा रहा है।

 

श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के अनुसार, आरोपी महंत को पंजाब पुलिस द्वारा हरिद्वार के श्यामपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि पीड़िता एक साल पहले पति से विवाद के चलते हरिद्वार आई थी और वहां हवन कराने के लिए महंत रोहित गिरी से संपर्क किया था। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और महंत महिला को अक्सर व्हाट्सऐप कॉल्स करता रहा।

 

महिला के अनुसार, 14 मार्च को रोहित गिरी लुधियाना आया और उसे कार में बैठाकर एक सुनसान जगह ले गया, जहां उसने महिला के साथ छेड़छाड़ की। इस मामले में लुधियाना पुलिस ने केस दर्ज कर गैर-जमानती वारंट जारी किया था, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को महंत को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तारी के बाद नया मोड़:

महंत की गिरफ्तारी के बाद यह मामला और भी पेचीदा हो गया है। मंगलवार को एक महिला 8-10 लोगों के साथ महंत के घर पहुंची और ताला तोड़कर अंदर घुस गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर घर के ताले टूटे हुए मिले और अंदर का सामान बिखरा हुआ था। पूछताछ में महिला ने खुद को महंत की पहली पत्नी बताया और दावा किया कि उसे इस घर में आने का पूरा हक है। हालांकि अभी तक इस घटना को लेकर कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.