अल्मोड़ा: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जहां आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं जंगली जानवर भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। अल्मोड़ा जिले के सिमनोली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में कोसी नदी के तेज बहाव में एक वयस्क गुलदार (तेंदुआ) का शव बहता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
तेज बहाव में फंसे जंगली जीव
राज्य में बीते कई दिनों से जारी भारी बारिश के चलते नदियां और नाले उफान पर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गुलदार अच्छे तैराक होते हैं, ऐसे में यह संभावना कम है कि वह डूबने से मरा हो। आशंका जताई जा रही है कि गुलदार की मौत पहले हो चुकी होगी और शव नदी किनारे पड़ा रहा होगा। जैसे ही नदी का जलस्तर बढ़ा, शव बहाव में बह गया।
वन विभाग की जांच शुरू
स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम सक्रिय हो गई और शव की दिशा में खोजबीन शुरू कर दी गई है। फिलहाल, गुलदार की मौत की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पहले भी सामने आया था ऐसा मामला
गौरतलब है कि इससे पहले भी बीते दिनों एक अन्य गुलदार के नदी के तेज बहाव में बहने का वीडियो वायरल हुआ था। लगातार हो रही बारिश के चलते जंगली जानवरों के लिए खतरा बढ़ गया है। कई बार जंगल से बाहर निकलकर यह जानवर गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों में भी पहुंच जाते हैं।
मौसम से बढ़ी दिक्कतें
मौसम विभाग ने पहले ही अल्मोड़ा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। तेज बारिश से जहां सड़कों पर मलबा और भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं अब वन्यजीव भी प्रभावित हो रहे हैं।