उत्तराखंड के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 9 जिलों — देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी, बागेश्वर, उधम सिंह नगर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत — में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अन्य जनपदों में गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और तीव्र से अति तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है। यह मौसम कम से कम अगले दो दिनों तक जारी रह सकता है।

मैदानी इलाकों में भी असर
नैनीताल जनपद के हल्द्वानी में सुबह से ही घने काले बादल छाए रहे और गरज के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। गुरुवार को बारिश में आई थोड़ी राहत के बाद आज फिर तेज बौछारों ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों से दूर रहें और सतर्क रहें।

पहाड़ से मैदान तक असर
लगातार हो रही बारिश से पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की आशंका बढ़ गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित हो सकता है। गुरुवार को कुछ समय के लिए मौसम साफ हुआ था, लेकिन उसके बाद उमसभरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। अब फिर से आसमान में घने बादल छा गए हैं और कई इलाकों में अचानक तेज बारिश हो रही है।

अगले दिनों में और तेज होगी बारिश
मौसम विभाग ने 11 अगस्त तक राज्य में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 10 और 11 अगस्त को बारिश में और तेजी आने की संभावना है। लगातार तेज बारिश के चलते भूस्खलन, नदियों के जलस्तर बढ़ने और जनजीवन बाधित होने की आशंका बनी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html