हरिद्वार : लूट मामले में फरार चल रहा पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल

पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल
पांव में लगी गोली, साथी फरार

हरिद्वार। लूट मामले में फरार चल रहा बदमाश आज तड़के पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आमने सामने की हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।

हालांकि अंधेरे का फायदा उठाते हुए उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार बीती 3 अप्रैल को कोतवाली क्षेत्र में हुई लूट के मुकदमें से संबंधित बदमाश की तलाश के लिए कोतवाली सिविल लाइन पुलिस द्वारा विशेष टीम बनाकर क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि आज सुबह नहर पटरी पर की जा रही चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल क्षेत्र की नाकेबंदी की गई।

वहीं सूचना मिलते ही सोलानी पुल के पास दूसरी पुलिस टीम ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। जिस पर दोनों बदमाश स्कूटी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले और वहीं से फिर पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।

पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अगम रावल पुत्र वीरमपाल निवासी ग्राम कोंडा, हरियाणा के पैर में गोली लग गई वहीं दूसरा बदमाश मौका पाकर फरार हो गया जिसकी तलाश हेतु कांबिग की जा रही है।

पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसे उपचार हेतु सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया। वहीं फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *