देहरादून में फर्जी ‘डिफेंस सप्लाई’ शराब racket का भंडाफोड़- 23 पेटी बरामद, नेटवर्क के तार बाहर तक जुड़ने की आशंका

देहरादून। राजधानी में फर्जी सैन्य लेबल लगाकर शराब बेचने वाले एक बड़े रैकेट का खुलासा करते हुए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान 23 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिन पर ‘फॉर सेल इन डिफेंस ओनली’ और आर्मी सप्लाई के नकली टैग चिपकाए गए थे। इस पूरे मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए हैं। विभाग का मानना है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और इसकी गतिविधियाँ प्रदेश की सीमाओं से बाहर तक फैली हो सकती हैं।

सूचना मिलने पर देर रात आबकारी विभाग की टीम कांवली रोड पहुंची और वहां चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन से 10 पेटी शराब बरामद हुई और सभी बोतलों पर नकली सैन्य सप्लाई लेबल लगे हुए थे। लेबल की गुणवत्ता और प्रिंटिंग देखकर यह स्पष्ट हो गया कि इन्हें सामान्य प्रिंटिंग तकनीक से तैयार किया गया है, ताकि शराब को सरकारी सप्लाई का रूप देकर अधिक कीमत पर बेचा जा सके।

टीम ने इसी सुराग को आगे बढ़ाते हुए सुबह अधोईवाला क्षेत्र में एक मकान पर दबिश दी। यहां से 13 और पेटी शराब मिलीं, जिन पर वही फर्जी ‘डिफेंस’ टैग लगे थे। इस तरह कुल 23 पेटियों का अवैध स्टॉक पकड़ा गया। जांच से यह भी सामने आया कि शराब पूरी तरह असली थी, लेकिन उसे वैध सैन्य सप्लाई दिखाने के लिए फर्जी लेबल लगाए गए थे, ताकि इसे बाजार भाव से कई गुना अधिक कीमत पर बेचा जा सके।

आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि पकड़ा गया नेटवर्क यूपी—मेरठ और आसपास के क्षेत्रों से शराब खरीदकर लाता था। इसके बाद देहरादून में इसे सैन्य सप्लाई का फर्जी रूप दिया जाता था। शहर में शादी—समारोहों में ऐसे ‘डिफेंस टैग’ वाले माल की मांग अधिक होती है, जिसका इस्तेमाल यह गिरोह मुनाफा कमाने के लिए करता था। इस कार्रवाई में वकील अहमद नाम का व्यक्ति गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

विभाग का कहना है कि इस रैकेट के तार प्रिंटिंग यूनिट्स, सप्लायर और बाहरी राज्यों के तस्करों से भी जुड़े हो सकते हैं। अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि फर्जी लेबल कौन बनाता था, अवैध स्टॉक कहां से आता था और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाता था। विभाग आने वाले दिनों में इस नेटवर्क के पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने की तैयारी में है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html