धामी ने गडकरी से की मुलाकात, आपदा प्रभावित सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने हाल ही में उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदा और अतिवृष्टि से हुई तबाही की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर सड़कों व पुलों को व्यापक नुकसान हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने विशेष रूप से धराली क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की मुख्य सड़कें और कई पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ऐसे में इनका त्वरित मरम्मत कार्य और पुनर्निर्माण अति आवश्यक है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि राज्य में क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के लिए केंद्र सरकार विशेष सहयोग प्रदान करे, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था सामान्य हो सके और राहत एवं पुनर्वास कार्य तेजी से हो पाए।

मुख्यमंत्री ने राज्य के अन्य जिलों की स्थिति का भी ब्यौरा देते हुए बताया कि लगातार हो रही बारिश से ग्रामीण संपर्क मार्ग भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उन्होंने केंद्र से अपेक्षा जताई कि उत्तराखंड की भौगोलिक और आपदाग्रस्त परिस्थितियों को देखते हुए विशेष पैकेज अथवा अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाए।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सड़क और पुलों की क्षति को प्राथमिकता पर लेकर आवश्यक वित्तीय व तकनीकी मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html