देहरादून : अब नजर जिला प्रमुखों पर, नहीं करते सीधे जनता चुनाव
देहरादून,उत्तराखंड में पंचायत चुनावों के बाद अब राजनीतिक निगाहें जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव पर टिक गई हैं। इन दो पदों के लिए अब आम जनता को वोट नहीं देना है, बल्कि अब मैदान संभालेंगे पहले से चुने गए सदस्य।
उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के तहत जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत (ब्लॉक) के सदस्य चुने जा चुके हैं। लेकिन अब जिन पदों की बारी है, वे हैं — जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख। इन दोनों पदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया प्रत्यक्ष न होकर परोक्ष होती है।
कैसे होता है चुनाव?
जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव राष्ट्रपति चुनाव की तर्ज पर, यानी एकल संक्रमणीय पद्धति (Single Transferable Vote System) से होता है। इसका सीधा अर्थ है – जनता इन पदों को नहीं चुनती, बल्कि चुने हुए सदस्य ही अध्यक्ष या प्रमुख का चुनाव करते हैं।
-
जिला पंचायत अध्यक्ष केवल वही व्यक्ति बन सकता है जो पहले से जिला पंचायत सदस्य चुना गया हो।
-
इसी प्रकार, ब्लॉक प्रमुख केवल वही बन सकता है जो क्षेत्र पंचायत (ब्लॉक) सदस्य के रूप में निर्वाचित हुआ हो।
-
सभी निर्वाचित सदस्य गुप्त मतदान के जरिए अपने पसंदीदा प्रत्याशी को वोट देते हैं।