सुरक्षा सामग्री की खरीद-फरोख्त पर शिकंजा: देहरादून पुलिस का सख्त कदम, बिना पहचान पत्र बिक्री पर रोक
देहरादून, हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद, जिसमें आतंकियों ने आर्मी की वर्दी पहनकर वारदात को अंजाम दिया, देहरादून पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों की वर्दी और संबंधित सामग्री की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और आतंकी गतिविधियों को रोकने की दिशा में एक ठोस प्रयास माना जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में उन दुकानों की पहचान की जा रही है जो आर्मी, अर्धसैनिक बलों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की वर्दी, बैज, बेल्ट, जूते और अन्य सामग्री बेचती हैं। पुलिस ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि कोई भी दुकानदार बिना वैध पहचान पत्र (ID) के किसी को भी यह सामग्री न बेचे। इस नियम के उल्लंघन पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
