रुड़की में सीएम का युवा संवाद, युवाओं को दिए बड़े संदेश

रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रुड़की में आयोजित “युवा शक्ति संवाद” कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार, कौशल और प्रतिभा देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की क्षमता रखती है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ माना गया है। इसी सोच के तहत स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी अनेक योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही हैं।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसरों के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयास स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं। इसके अलावा स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, ‘वेड इन उत्तराखंड’ और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उत्तराखंड में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में रिवर्स माइग्रेशन का माहौल बन रहा है और कई युवा अपने अनुभव और कौशल के साथ वापस लौटकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा दे रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उत्तराखंड में लागू देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून के कारण भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवनों का निर्माण और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से खुलकर संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। पहले प्रश्न में भुनेश गोयल ने युवाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और शासन-प्रशासन में उनकी भागीदारी को लेकर सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी मांगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रुड़की विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार की भूमि है तथा सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने दोहराया कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के कारण हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है।

 

युवा प्रतिभागी रिया वंदना ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर सरकार की रणनीति पर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है, लेकिन इसके दुरुपयोग को रोकना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि साइबर सेल लगातार सोशल मीडिया पर नजर रख रही है और अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

सोनालिका ने वर्ष 2027 में होने वाले महाकुंभ की तैयारियों के बारे में जानकारी मांगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार 2027 के कुंभ मेले को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के निर्माण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित निगरानी प्रणाली का भी उपयोग किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने अंत में युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नवाचार को अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर युवा के सपनों को साकार करने के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्हें विश्वास है कि उत्तराखंड का युवा विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर प्रदेश को देश का अग्रणी और सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

कार्यक्रम के अंत में आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html