चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने चंपावत दौरे पर जिले को एक और महत्वपूर्ण उपहार देते हुए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा की। इस नए संस्थान से न सिर्फ चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा, बल्कि यह क्षेत्र के युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार और प्रशिक्षण के बेहतरीन अवसर भी उपलब्ध कराएगा।
सीएम धामी ने कहा कि पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से चंपावत सहित आसपास के जिलों में कुशल तकनीकी स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेज के लिए भूमि चयन और अन्य प्रक्रियाएं शीघ्र शुरू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि पहाड़ी जिलों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलें। चंपावत में पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
इस घोषणा के बाद स्थानीय लोगों और युवाओं में खुशी का माहौल है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह कॉलेज स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ जिले के शैक्षिक और आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।