देहरादून में दिनदहाड़े युवती की हत्या, पहले दी गई शिकायतों पर कार्रवाई होती तो बच सकती थी जान

परिजनों ने तीन दिन पहले जताया था खतरा; लापरवाही पर खुड़बुड़ा चौकी इंचार्ज सस्पेंड, आरोपी की तलाश तेज


देहरादून। राजधानी देहरादून दिनदहाड़े हुई एक निर्मम हत्या से दहल गई। दूल्हा बाजार क्षेत्र में सोमवार को गुंजन नाम की युवती की सरेआम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करती, तो शायद यह वारदात टाली जा सकती थी।

परिजनों ने पहले ही जताया था खतरा

परिजनों के मुताबिक गुंजन की जान को खतरा था और इस संबंध में तीन दिन पहले ही खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दी गई थी। आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इससे पहले भी गुंजन और आरोपी आकाश के बीच विवाद पुलिस तक पहुंचा था, लेकिन हर बार समझौते या समझाइश में मामला दब गया।

अब यह मामला युवती की मौत पर आकर खत्म हुआ, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

आरोपी करता था पीछा, देता था धमकी

परिजनों ने बताया कि गुंजन दूल्हा बाजार की एक कपड़ों की दुकान में काम करती थी। आरोपी आकाश भी पास की दुकान में काम करता था। दोनों एक-दूसरे को करीब तीन साल से जानते थे। आरोपी शादीशुदा बताया जा रहा है और वह गुंजन को लगातार परेशान कर रहा था।

परिवार के अनुसार वह काम पर आते-जाते समय उसका पीछा करता था और जान से मारने की धमकी भी दे चुका था। हाल ही में उसने एक व्यक्ति से कथित रूप से कहा था कि वह गुंजन की हत्या कर देगा। इसके बाद दोबारा शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

सरेआम वारदात, लोग देखते रह गए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी स्कूटर से आया। उसने पहले गुंजन से बात की और फिर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। युवती मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन कोई आगे नहीं आया। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस की लापरवाही पर कार्रवाई

मामले में कार्रवाई में कोताही बरतने के आरोप में खुड़बुड़ा चौकी इंचार्ज प्रद्युम्न नेगी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि इस तरह की शिकायतों को प्राथमिकता से लेने के निर्देश सभी थानों को दिए गए हैं।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। वह करीब डेढ़ महीने जेल में रहा था। बाद में उसे एक दुकान से हटाया गया, लेकिन दूसरी दुकान में काम करने लगा।

इलाके में आक्रोश, इंसाफ की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। लोगों का कहना है कि अगर पहले की शिकायतों पर सख्ती से कार्रवाई होती, तो एक बेटी की जान बच सकती थी।

एसएसपी अजय सिंह ने कहा,
“इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और भविष्य में ऐसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html