हरिद्वार में पार्किंग फीस विवाद बना जानलेवा, मैनेजर को कार से कुचलकर फरार हुए दो युवक

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में पार्किंग फीस को लेकर हुआ विवाद एक जानलेवा घटना में तब्दील हो गया। आरोप है कि हरियाणा के दो युवकों ने पार्किंग मैनेजर को कार से कुचल दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पार्किंग मैनेजर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय सहदेव कुमार के रूप में हुई है, जो दीन दयाल उपाध्याय पार्किंग में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। घटना के समय वे पार्किंग के निकास द्वार पर तैनात थे।

पार्किंग फीस को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी विशाल कुमार और सूरज सिंह अपनी कार से पार्किंग से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पार्किंग शुल्क को लेकर सहदेव कुमार से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने बैरिकेड तोड़ दिया और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए सहदेव कुमार को टक्कर मार दी।

इस टक्कर में सहदेव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल हरिद्वार ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर देहरादून के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बहादराबाद टोल प्लाजा से बरामद हुई कार

सिटी कोतवाली के एसएचओ रितेश शाह ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई कार को बहादराबाद टोल प्लाजा के पास से बरामद कर लिया गया है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गए थे। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस पीड़ित परिवार की तहरीर का इंतजार कर रही है। तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हरिद्वार किसी रिश्तेदार को छोड़ने आए थे।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html