दिल्ली में युवक ने पत्नी की चाकू से गोदकर मारा, फिर खुद थाने जाकर किया सरेंडर, पुलिस को बताई हत्या की वजह

राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी में युवक ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू लेकर खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पति के काम न करने और शराब पीने की आदत से तंग आकर महिला ने उसे घर से निकाल दिया था।

जानकारी के अनुसार, थाना मंगोलपुरी में शनिवार सुबह 07:47 बजे एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया कि I-1107 मंगोलपुरी एक आदमी ने अपनी पत्नी को चाकू मार दिया है। महिला को घायल खून से लथपथ हालत में पास के संजय गांधी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के कुछ देर बाद एक युवक समीर (45 वर्ष) पुत्र इलियास मंगोलपुरी में खून से सना चाकू लेकर पहुंचा। समीर ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की चाकू से वार कर हत्या कर दी है। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को मंगोलपुरी स्थित मकान नंबर आई-1107 में बनी एक छोटी सी दुकान में खून के निशान मिले। पूछताछ करने पर पता चला कि 40 वर्षीय घायल महिला सबाना को उसके पड़ोसी पहले ही संजय गांधी अस्पताल ले गए था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था। इस दंपति के 21 और 17 साल के दो बच्चे हैं। प्रत्यक्षदर्शी में से एक मृतका की बेटी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *