CM धामी ने 332 नव नियुक्त कार्मिकों को दिए नियुक्ति पत्र, बोले- सेवाभाव और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी

आयुष विभाग के 271 और ईएसआई के 61 कार्मिकों को मिली नियुक्ति, मुख्यमंत्री बोले- सरकारी नौकरी को जनसेवा का माध्यम बनाएं

देहरादून, 05 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत चयनित 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें आयुष विभाग के 271 तथा कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारी शामिल हैं।

नियुक्ति पत्र मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दीं और उनसे सेवाभाव, संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन इसके साथ ही उनके जीवन में जनसेवा की एक नई जिम्मेदारी भी शुरू होती है।

सरकारी नौकरी को सिर्फ नौकरी न समझें

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नव नियुक्त कार्मिक अपनी सरकारी सेवा को केवल नौकरी तक सीमित न रखें। वे इसे समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना से जुड़े कार्मिकों की जिम्मेदारी सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी है, इसलिए उनके व्यवहार और कार्यशैली में संवेदनशीलता बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से इलाज के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों तक पहुंचने वाला व्यक्ति व्यवस्था से उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में कार्मिकों की तत्परता, संवेदनशीलता और कार्यकुशलता आमजन के भरोसे को और मजबूत करती है।

मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त कार्मिकों से कहा कि वे जहां भी तैनात हों, अपनी कार्यशैली से उदाहरण प्रस्तुत करें। अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक उम्मीद लेकर आता है और कार्मिक का सही निर्णय तथा ईमानदार प्रयास किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से युवाओं को मिल रहा योग्यता का हक

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैं। नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है और सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के युवाओं को उनकी मेहनत, प्रतिभा और योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहा है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ने का अवसर मिले, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उत्तराखंड को बनाया जा रहा मॉडल ‘आयुष प्रदेश’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की समृद्ध परंपरा वाला प्रदेश भी है। राज्य सरकार उत्तराखंड को मॉडल ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में आयुष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। पंचकर्म सेवाओं को आधुनिक बनाने के साथ आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा ई-संजीवनी के माध्यम से लोगों को घर बैठे विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने ‘आयुष सेतु पोर्टल’ को भी आयुष सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई होमस्टे को नजदीकी आयुर्वेद चिकित्सालयों की वेलनेस सेवाओं से जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं को योग, आयुर्वेद और पंचकर्म के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य तथा मानसिक शांति का अनुभव मिल सके।

सभी 13 जिलों तक पहुंची ईएसआई योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। पहले ईएसआई योजना प्रदेश के केवल छह जनपदों में संचालित थी, लेकिन अब इसे राज्य के सभी 13 जनपदों तक पहुंचाया गया है।

उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में 100 बेड के ईएसआई अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है। वहीं हरिद्वार में 300 बेड के ईएसआई अस्पताल का निर्माण कार्य जारी है। काशीपुर में भी ईएसआई अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के नव नियुक्त युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी कार्मिकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ काम करने की अपेक्षा की।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकसित और सशक्त उत्तराखंड का निर्माण करना है और इस संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

आयुष मंत्री मदन कौशिक ने दी शुभकामनाएं

आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने भी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आयुष सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं जनसुलभ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि नए कार्मिकों की नियुक्ति से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, सचिव श्रम श्रीधर बाबू अद्दांकी, सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, आकांक्षा कोण्डे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *