घनसाली में गदेरे में बहा 7 साल का आरव, 18 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद हुआ शव

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों और गाड़-गदेरों का जलस्तर बढ़ने से हादसों का सिलसिला जारी है। टिहरी गढ़वाल के घनसाली तहसील क्षेत्र में मंगलवार देर शाम गदेरे में बहे सात वर्षीय बच्चे का शव करीब 18 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद से गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, घनसाली के ग्राम दोणी निवासी 7 वर्षीय आरव पुत्र अरविंद 15 सितंबर की शाम गांव के पास गदेरे में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और आरव उसकी चपेट में आकर बह गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल बच्चे को तलाशने और बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और एसडीआरएफ को दी गई।

देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलते ही थाना घनसाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गदेरे के आसपास देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण बच्चे का पता नहीं चल सका। इसके बाद बुधवार सुबह एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

लगातार तलाश के दौरान सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी से आरव का शव बरामद हुआ। एसडीआरएफ जवानों ने शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द किया।

सीएचसी बेलेश्वर भेजा गया शव

प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश बल्लव ने बताया कि शव का पंचनामा भरने के बाद उसे सीएचसी बेलेश्वर भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद बच्चे के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते नदी, नाले और गाड़-गदेरे उफान पर हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें लोगों से नदी-नालों के आसपास न जाने और बढ़े जलस्तर के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *