उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जिलाधिकारी सविन बंसल के समर्थन में 25 से अधिक सामाजिक संस्थाएं खुलकर सामने आई हैं। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने डीएम को हटाए जाने के विरोध में उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें देशभक्त सरदार वल्लभभाई पटेल का उत्तराधिकारी तक बता दिया।
प्रतिनिधियों का कहना है कि सविन बंसल ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, प्रशासनिक दक्षता, विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने जनहित के मामलों में त्वरित कार्रवाई, जनता दरबार के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंदों की समस्याओं का समाधान तथा आपदा के समय दिन-रात राहत कार्यों में जुटकर एक संवेदनशील प्रशासक की भूमिका निभाई है।
सामाजिक कार्यकर्ता नरेशचंद्र कुलाश्री ने कहा कि बंसल जैसे अधिकारी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए। वहीं हरेंद्र सिंह रावत, खुशबीर सिंह और जसवीर सिंह रेनोत्रा सहित कई लोगों ने उनके कार्यों को अतुलनीय और प्रेरणादायक बताया।
अवधेश शर्मा ने उन्हें सामाजिक विकास का आईना बताते हुए कहा कि आम आदमी की पहुंच प्रशासन तक आसान हुई है। जी.एस. बिष्ट ने उन्हें न्यायप्रिय और मानवीय गुणों से भरपूर अधिकारी बताया, जबकि ताराचंद गुप्ता ने कहा कि उनकी कार्यशैली पूरी नौकरशाही के लिए उदाहरण है।
डॉ. महावीर सिंह बिष्ट और मेजर आर.एस. कैंथुरा सहित अन्य वक्ताओं ने भी डीएम की ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता की प्रशंसा करते हुए उनके खिलाफ किसी भी प्रकार के विरोध को जनहित के विपरीत बताया। देवेंद्र पाल मोंटी और आर.एस. धुनता ने कहा कि ऐसे कर्मठ अधिकारी का होना दून की जनता का सौभाग्य है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि डीएम बंसल ने सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की नई परंपरा स्थापित की है। सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ-साथ उन्होंने आमजन की समस्याओं का तेजी से समाधान कर शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत किया है।
सामाजिक प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि बंसल जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु बनकर उभरे हैं। उन्होंने निष्पक्षता और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया है, जो दून के प्रशासनिक इतिहास में एक मिसाल है।
अंत में वक्ताओं ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सविन बंसल जैसे ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को देहरादून की जिम्मेदारी सौंपकर जनभावनाओं का सम्मान किया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि आमजनमानस जिला प्रशासन के साथ खड़ा है और ऐसे अधिकारी का समर्थन करता रहेगा।