अमित शाह बोले केदारनाथ से कन्याकुमारी तक घुसपैठियों को किया जाएगा बाहर

हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में केदारनाथ से कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठिये को बाहर करने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है

उत्तराखंड आंदोलन से की संबोधन की शुरुआत

अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत उत्तराखंड राज्य आंदोलन का उल्लेख करते हुए की। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान युवाओं को अपनी पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ा और उन्हें रामपुर तिराहा कांड जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड के साथ ही झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों का निर्माण कर ऐतिहासिक निर्णय लिया और अब ये राज्य तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं।

धामी सरकार की सराहना

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले चार वर्षों में राज्य की समस्याओं को “चुन-चुन कर” हल करने का काम किया है और उत्तराखंड विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

नई न्याय संहिता से तीन साल में न्याय

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंग्रेजों के समय के 150 वर्ष पुराने कानूनों को बदलकर नई न्याय संहिताएं लागू की गई हैं। उन्होंने दावा किया कि 2028 तक नए कानून पूरी तरह लागू हो जाएंगे और एफआईआर से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक फैसला अधिकतम तीन साल में हो सकेगा

सीएए और ऐतिहासिक फैसलों का जिक्र

उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों को नागरिकता दी जा रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार के फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने धारा 370 हटाने, राम मंदिर, अयोध्या निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसे कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

नकल विरोधी कानून की भी सराहना

अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस में नियुक्ति पाने वाले करीब 1900 युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि राज्य में अब “बिना पर्चा और बिना खर्चा” सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा लागू नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है।

उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में हरिद्वार में होने वाला कुंभ मेला कई नए रिकॉर्ड बनाएगा।

धामी बोले—देश विकास और सुशासन की नई गाथा लिख रहा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन की नई गाथाएं लिख रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2023 के ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से राज्य में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है और सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए केंद्र सरकार की योजनाएं भी लाभकारी साबित हो रही हैं।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई सांसद, मंत्री, विधायक और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html