देहरादून। राजधानी स्थित देहरादून डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली कराया गया और पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) व खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त रूप से सघन तलाशी अभियान चलाया। भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते पूरा इलाका छावनी में तब्दील नजर आया।
तीन दिन से लगातार मिल रहीं धमकियां
प्रदेश के न्यायालय परिसरों को बीते तीन दिनों से सिलसिलेवार धमकी भरे ईमेल भेजे जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।
सोमवार:हरिद्वार जिला न्यायालय और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय को धमकी
मंगलवार:उत्तरकाशी जिला न्यायालय, टिहरी जिला न्यायालय, पिथौरागढ़ जिला न्यायालय और नैनीताल जिला न्यायालय को धमकी
बुधवार: देहरादून डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को धमकी भरा मेल
हालांकि अब तक जिन भी न्यायालय परिसरों में तलाशी ली गई है, वहां कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, हर व्यक्ति की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन चेकिंग की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार मौके की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। आईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा में जुटे हुए हैं।
STF को सौंपी गई जांच
धमकी भरे ईमेल और संदिग्ध कॉल्स को ट्रेस करने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखंड की मदद ली जा रही है। शुरुआती जांच में इसे शरारती तत्वों की हरकत मानकर भी देखा जा रहा है, लेकिन जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
अफवाहों से बचने की अपील
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
न्यायालय परिसरों की सुरक्षा बनी प्राथमिकता
लगातार मिल रही धमकियों के बाद प्रदेश भर के कोर्ट परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।