अंकिता भंडारी प्रकरण पर राजनीति हो रही, CBI की प्रतिष्ठा दांव पर – स्वामी दर्शन भारती

देहरादून। देवभूमि रक्षा अभियान के संस्थापक स्वामी दर्शन भारती ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बड़ा बयान दिया है। देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि इस मामले में “सही ढंग से काम न होने” के कारण आज हर कोई राजनीति कर रहा है। उनका कहना था कि अब जब मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी (CBI) के पास है, तो इसकी प्रतिष्ठा दांव पर है और सभी पक्षों को जांच पूरी होने तक धैर्य रखना चाहिए।

उर्मिला सनावर को लेकर क्या बोले

स्वामी दर्शन भारती ने दावा किया कि उर्मिला सनावर को उत्तराखंड लाने में उन्होंने भूमिका निभाई। उनके अनुसार, उर्मिला को पुलिस और एसआईटी पर भरोसा नहीं था और वह अपने पास मौजूद डिवाइस केवल अदालत में जमा करने की बात कह रही थीं। उन्होंने कहा कि “राज्य का जिम्मेदार नागरिक होने के नाते” उन्होंने संपर्कों के माध्यम से उर्मिला को सुरक्षित रूप से सामने लाने का प्रयास किया, ताकि साक्ष्य सामने आ सकें।

“CBI जांच पर भरोसा रखें”

उन्होंने कहा कि जनता की मांग के बाद सीबीआई जांच शुरू हुई है, ऐसे में कुछ लोग इसके बावजूद आंदोलन और महापंचायत के माध्यम से माहौल गरमाने की कोशिश कर रहे हैं। स्वामी दर्शन भारती ने कहा कि “होना यह चाहिए कि जांच एजेंसी को काम करने दिया जाए और नतीजों का इंतजार किया जाए।”

युवाओं को भड़काने की आशंका जताई

उन्होंने आशंका जताई कि कुछ तत्व इस मामले की आड़ में युवाओं को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। उनके अनुसार, इससे प्रदेश का माहौल बिगड़ सकता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की शांति और सामाजिक संतुलन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

डेमोग्राफिक बदलाव पर भी जताई चिंता

पत्रकार वार्ता में उन्होंने राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रहे कथित जनसंख्या संतुलन परिवर्तन (डेमोग्राफिक चेंज) पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि इस विषय पर समाज को सजग रहने की आवश्यकता है।

“भू-कानून पर काम करूंगा”

स्वामी दर्शन भारती ने कहा कि आगे वह उत्तराखंड में भू-कानून के मुद्दे पर सक्रियता से काम करेंगे और जो भी राजनीतिक दल इस मुद्दे का समर्थन करेगा, उसके साथ सहयोग करने को तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *