देहरादून के ननूरखेड़ा में सोमवार को आयोजित 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शामिल होकर भव्य रैतिक परेड का निरीक्षण किया। परेड के दौरान जवानों की अनुशासन, साहस और सेवा भावना की झलक ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका 2025 और विभागीय कैलेंडर 2026 का भी विमोचन किया। साथ ही सेवा प्रदत्त एवं दिवंगत होमगार्ड जवानों के आश्रितों को आर्थिक सहायता के रूप में चेक वितरित किए।
होमगार्ड्स के लिए बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने होमगार्ड्स के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
होमगार्ड स्वयंसेवकों को वर्दी भत्ता अनुमन्य किया जाएगा।
अंतरजनपदीय ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड्स को मिलने वाला भोजन भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रतिदिन किया गया।
नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण भत्ते को 50 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये प्रतिदिन किया गया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी होमगार्ड्स के हितों के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।
जवानों की सेवाओं को दिया सम्मान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रस्तुत रैतिक परेड गौरव का विषय है। परेड में राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण, आत्मविश्वास और उत्कृष्टता की शानदार प्रस्तुति देखने को मिली। उन्होंने कहा कि होमगार्ड्स जवान कठिन से कठिन परिस्थितियों—चाहे बारिश हो, ठंड हो या भीषण गर्मी—हर स्थिति में पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं।
सीएम ने बताया कि—
राज्य सरकार ने पहली बार होमगार्ड्स को 12 आकस्मिक अवकाश देने का निर्णय लिया।
महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश की सुविधा शुरू की गई।
9,000 फीट से अधिक ऊंचाई पर तैनात होमगार्ड जवानों को पुलिस और एनडीआरएफ कर्मियों की तरह 200 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
एसडीआरएफ के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले जवानों को 100 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
धार्मिक एवं आपदा कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ कुंभ और कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। होमगार्ड्स की स्थापना हरिद्वार और चारधाम यात्रा मार्गों पर मदद डेस्क के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन और सहायता मिल रही है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्राकृतिक आपदा, दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति में होमगार्ड जवान सबसे पहले मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट जाते हैं। उनकी इसी समर्पण भावना को देखते हुए राज्य सरकार लगातार उनके कल्याण के लिए नए कदम उठा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें शामिल थे— विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, सविता कपूर, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, कैलाश पंत, मधु भट्ट, श्यामवीर सैनी, सचिव शैलेश बगोली, डीजीपी दीपम सेठ, डीजी होमगार्ड्स पी.वी.के. प्रसाद और अन्य अधिकारी।