कालाढूंगी–किच्छा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, महिला और युवक गंभीर रूप से घायल

नैनीताल— कालाढूंगी से किच्छा की ओर जा रही एक कार शनिवार सुबह खाई में गिर गई, जिसमें सवार एक महिला और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों का इलाज हल्द्वानी अस्पताल में जारी है।

घटना सुबह उस समय हुई जब कार डिपो नंबर चार के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि अचानक सामने से दो मोटरसाइकिल सवार आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। इसी दौरान कार आगे सामने आए एक गोवंश से टकरा गई और अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी तेज थी कि गोवंश भी कार के साथ ही नीचे जा गिरा।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने खाई में उतरकर कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने पहुंचकर 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को गंभीर अवस्था में अस्पताल भेजा।

फिलहाल दोनों घायलों की पहचान और उनके स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण ऐसे हादसे अक्सर हो जाते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *