कांग्रेस का पेपर लीक प्रकरण पर हमला, धस्माना बोले- युवाओं संग दगाबाजी कर रही भाजपा सरकार

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर जहां प्रदेश भर में युवा बेरोजगारों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है, वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है। बीते चार दिनों से परेड मैदान में बेरोजगार संघ द्वारा चलाए जा रहे धरने में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना पार्टी के कई पदाधिकारियों के साथ पहुंचे और आंदोलनरत युवाओं को समर्थन दिया।

बेरोजगार युवाओं ने तालियों से किया स्वागत

धरना स्थल पर पहुंचते ही श्री धस्माना का आंदोलनरत युवाओं ने करतल ध्वनि और तालियों से स्वागत किया। इस दौरान वहां मौजूद युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ। अपने संबोधन में श्री धस्माना ने कहा कि वे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा और पूरी पार्टी की ओर से यह संदेश देने आए हैं कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ मजबूती से खड़ा है।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

श्री धस्माना ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं और बेरोजगारों के साथ खुली दगाबाजी की है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े आठ सालों से भाजपा राज में अधिकांश विभागों में भर्तियां ठप पड़ी हैं और जिन परीक्षाओं का आयोजन होता है, उनमें भी पेपर लीक हो जाता है।

उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब राज्य अपनी 25वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहा है, तब वही युवा, जिसने राज्य निर्माण की लड़ाई में अग्रिम पंक्ति में संघर्ष किया था, आज रोजगार के लिए नकल माफियाओं से जूझने को मजबूर है।

सीबीआई जांच की मांग दोहराई

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पहले दिन से ही इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग की थी। लेकिन भाजपा सरकार इसलिए पीछे हट रही है क्योंकि इस घोटाले में भाजपा से जुड़े कई नाम सामने आ चुके हैं।

उन्होंने कहा कि बीते रविवार को जब UKSSSC परीक्षा हो रही थी, तभी प्रदेश में यह चर्चा जोर पकड़ने लगी थी कि पेपर लीक हो सकता है। उसी दौरान भर्ती घोटाले का सरगना और भाजपा नेता हाकम सिंह गिरफ्तार हुआ। इसके बाद संदेह गहराया और वही हुआ जिसकी आशंका थी।

युवाओं से किया वादा

धस्माना ने आंदोलनरत युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन आयोजित करेगी। यदि सरकार ने सीबीआई जांच की मांग नहीं मानी तो आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री आवास और राज्यपाल आवास कूच किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी

धरने में श्री धस्माना के साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के मीडिया सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, महानगर उपाध्यक्ष राजेश उनियाल, युवा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष पंकज क्षेत्री, श्री सुनीत सिंह और श्री चंद्रपाल शामिल रहे।

कांग्रेस ने पेपर लीक प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला है और सीबीआई जांच की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन खड़ा करने का ऐलान किया है। बेरोजगार युवाओं के बीच कांग्रेस की इस सक्रियता से राज्य में सियासी तापमान और बढ़ने के आसार हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html