धामी ने सुनाई वाराणसी की मोदी स्टोरी”

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) को लेकर भाजपा पूरे देश में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रही है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई आयोजन किए जाएंगे। इसी क्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री भी अपनी “माय मोदी स्टोरी” साझा कर रहे हैं। इनमें वे पीएम मोदी से जुड़े प्रेरक अनुभव और सीख को सामने ला रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपनी माय मोदी स्टोरी साझा की। उन्होंने लिखा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली को करीब से देखने का सौभाग्य मिला है और उनके साथ बिताया हर क्षण अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रप्रेम का नया पाठ सिखाता है।

धामी ने वाराणसी की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक एक रात करीब 1 बजे समाप्त हुई थी। सभी थके हुए थे, तभी प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुराते हुए बोले—“अभी एक जरूरी काम बाकी है।” सब चौंक गए कि इतनी रात को अब और क्या काम हो सकता है। तब पीएम मोदी ने कहा कि, “मेरे लोकसभा क्षेत्र में दिन में निरीक्षण करने से जनता को असुविधा होती है, इसलिए मैं रात में ही विकास कार्य देखने निकलूंगा।”

इसके बाद आधी रात को जब पूरा शहर सो रहा था, प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी की सड़कों पर विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहे थे। धामी ने लिखा कि पीएम मोदी एक-एक परियोजना को गहराई से देखते रहे, हर विवरण पर सवाल पूछते रहे। समय कब 3 बजे से 4 बज गया, पता ही नहीं चला। इसके बाद वे अपने कक्ष में लौटे।

लेकिन, सबसे आश्चर्यजनक पल अगली सुबह आया। जब सुबह 9 बजे बैठक शुरू हुई तो प्रधानमंत्री पूरी ऊर्जा और एकाग्रता के साथ उपस्थित थे, मानो उन्होंने रात भर नींद नहीं, बल्कि देश की सेवा से नई ऊर्जा पाई हो।

धामी ने लिखा कि इस घटना ने उनके दिल पर गहरी छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व वही है, जो उपदेश नहीं देता बल्कि खुद उदाहरण बनकर जीता है। पीएम मोदी का जीवन यही सिखाता है कि नेतृत्व का मतलब है अनुशासन, प्रतिबद्धता और राष्ट्रसेवा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि विकास को लेकर पीएम मोदी का विजन साफ और स्पष्ट है, और उनकी कार्यशैली हर जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *