उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भूस्खलन का खतरा
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की बरसात थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों के लिए फिर से सतर्क कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने शनिवार को देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, चंपावत और पौड़ी जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है। बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा और 17 अगस्त तक प्रदेश में यही स्थिति बनी रह सकती है।
भूस्खलन और चट्टान गिरने का अंदेशा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि संवेदनशील इलाकों में हल्के से मध्यम भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। इससे सड़कें और राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो सकते हैं। कई जगहों पर पानी भरने और नदियों के उफान पर आने से बाढ़ जैसी स्थिति बनने की भी आशंका जताई गई है।
बिजली-पानी की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका
तेज बारिश के कारण बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित हो सकती है। वहीं, पर्वतीय जिलों में आवाजाही मुश्किल हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों को हिदायत
-
पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा फिलहाल न करें।
-
संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतें।
-
बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें।
-
अलर्ट के दौरान पहाड़ी मार्गों पर सफर से बचें।