चमोली में बादल फटने से थराली में मची तबाही: एक युवती की मौत, कई घर-दुकानें बहीं, सड़कें बंद, बचाव कार्य जारी

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। थराली तहसील के टूनरी गदेरे में अचानक आए मलबे ने पूरे कस्बे और आसपास के गांवों की रफ्तार थाम दी। देखते ही देखते थराली बाजार, कोटदीप और तहसील परिसर मलबे से पट गए। कई घर और दुकानें बह गईं, तो कई वाहन मलबे में दब गए। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

तहसील परिसर और एसडीएम आवास में घुसा मलबा

भारी बारिश और पहाड़ी से गिरे मलबे के कारण तहसील परिसर पूरी तरह से प्रभावित हुआ। परिसर में खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं। यहां तक कि एसडीएम आवास तक मलबा पहुंच गया, जिसके चलते रात में ही एसडीएम और परिजन घर छोड़कर सुरक्षित जगह पर चले गए।

एक युवती की मौत, एक व्यक्ति लापता

थराली के सागवाड़ा गांव में मलबे की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई। वहीं चेपड़ों बाजार में कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक व्यक्ति के लापता होने की भी सूचना है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।

मुख्य सड़कें बंद, यातायात ठप

भारी बारिश और मलबे की वजह से थराली–ग्वालदम मार्ग मिंग्गदेरा के पास और थराली–सागवाड़ा मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गए हैं। दोनों प्रमुख मार्ग बंद होने से क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए गौचर से SDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। जिला प्रशासन और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद हैं। वहीं, बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) की टीम मिंग्गदेरा के पास सड़क खोलने में जुटी है, ताकि यातायात और राहत सामग्री की आपूर्ति सुचारू हो सके।

स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। सुरक्षा कारणों से थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंडों के सभी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों को शनिवार, 23 अगस्त के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी लगातार निगरानी में

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थराली में बादल फटने की घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि – “चमोली जिले के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, SDRF और पुलिस टीम मौके पर राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मैं निरंतर प्रशासन के संपर्क में हूं और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”

लोगों में दहशत और चिंता

रात से लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी से गिरते मलबे ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है। लोग अपने घरों से सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। कई ग्रामीणों ने बताया कि मलबा कस्बे की मुख्य सड़कों पर इस कदर भर गया है कि वे तालाब जैसी दिखाई दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *