सिंगटाली पुल को मिली 57 करोड़ की मंजूरी

देहरादून। गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित सिंगटाली पुल के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पुल के लिए 57 करोड़ 5 लाख 25 हजार रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही शासन ने प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग को आदेश जारी कर दिए हैं, जिससे पुल निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू होने की संभावना है।

यह पुल पौड़ी जिले की यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कौडियाला–व्यासघाट मोटर मार्ग के किलोमीटर 01 पर गंगा नदी पर प्रस्तावित है। पुल की कुल लंबाई लगभग 150 मीटर होगी। मुख्यमंत्री धामी की विशेष पहल पर इस परियोजना को व्यय वित्त समिति से पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी। अब अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद पुल निर्माण की सभी प्रशासनिक बाधाएं दूर हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगटाली पुल की मांग क्षेत्र की जनता लंबे समय से कर रही थी। इस पुल के बन जाने से गढ़वाल और कुमाऊं के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा, जिससे स्थानीय लोगों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।

धामी ने स्पष्ट किया कि अब निर्माण कार्य को तेजी से प्रारंभ किया जाएगा और तय समय सीमा में पुल को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का प्रयास है कि यह बहुप्रतीक्षित सपना जल्द ही साकार हो और जनता को इसका लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *