पाबौ ब्लॉक प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को करारा झटका लगा है। रविवार को आठ क्षेत्र पंचायत सदस्य भाजपा प्रत्याशी लता रावत के समर्थन में आ गए। इनमें से सात सदस्यों ने कांग्रेस छोड़कर सीधे भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जबकि एक सदस्य ने बाहर से समर्थन देने की घोषणा की।
ब्लॉक में कुल 27 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। पहले ही 18 सदस्य भाजपा प्रत्याशी के साथ थे। अब आठ और सदस्यों के जुड़ने से भाजपा का आंकड़ा प्रचंड बहुमत में पहुँच गया है, जिससे लता रावत की जीत लगभग सुनिश्चित हो गई है।
कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा राजनीतिक झटका तब लगा, जब कांग्रेस मंडल अध्यक्ष एवं कोटली क्षेत्र पंचायत सदस्य सुधीर रावत भी भाजपा में शामिल हो गए। इनके अलावा भाजपा में शामिल होने वालों में सोहन सिंह (जतखोली), सुनील सिंह (बुरांसी), गजेंद्र सिंह (सिमतोली), नरेश सिंह (पटौटी), कृष्ण चंद्र (कालौं) और जीत सिंह (फलदवाडी) शामिल हैं। वहीं, कमलेश (सिमखेत) ने बाहर से समर्थन का ऐलान किया।

यह कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के आवास पर आयोजित हुआ। इस दौरान पौड़ी भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर और डॉ. रावत ने सभी नए सदस्यों का फूलमालाओं से स्वागत किया। मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख रजनी रावत, मंडल अध्यक्ष पाबौ विमल, मंडल अध्यक्ष खिरसू मीना गैरोला, जिला पंचायत सदस्य भारत रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता मातवर सिंह रावत, हेमंत सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष खिरसू रमेश मानदरवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।