चमोली के डिप्टी CMO डॉ. हसन निलंबित, शराब के नशे में मारी बाइक को टक्कर

चमोली: उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की लापरवाही और अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। चमोली के प्रभारी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (डिप्टी CMO) डॉ. मोहम्मद शाह हसन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कदम उस वक्त उठाया गया जब सामने आया कि डॉ. हसन ने शराब के नशे में दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना हाल ही में रुद्रप्रयाग के तिलणी क्षेत्र में घटी, जहां डॉ. हसन अपनी स्कॉर्पियो वाहन चला रहे थे। शराब के नशे में वाहन चलाते हुए उन्होंने दो युवकों की बाइक को टक्कर मार दी। घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और वे फिलहाल उपचाराधीन हैं।

रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि

इस दुर्घटना की रिपोर्ट 3 अगस्त 2025 को महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को सौंपी गई थी। रिपोर्ट में डॉ. हसन के शराब के सेवन की स्पष्ट पुष्टि हुई है। यह पाया गया कि उनका आचरण उत्तराखंड राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली 2002 का उल्लंघन करता है। इसी आधार पर उत्तराखंड शासन ने ‘अपील एवं अनुशासन नियमावली 2003’ के नियम-4 के तहत कार्रवाई करते हुए राज्यपाल की अनुमति से निलंबन का आदेश जारी किया।

स्वास्थ्य सेवा की गरिमा को नुकसान

डॉ. हसन जैसे वरिष्ठ अधिकारी द्वारा की गई इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत से जनता का स्वास्थ्य सेवा पर विश्वास और विभाग की साख दोनों प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री के आदेश पर विभाग ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि इस प्रकार के अनुशासनहीन व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

स्वास्थ्य सचिव ने दी सख्त चेतावनी

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि सरकार सेवा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता या लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई इस नीति का उदाहरण है।

निष्पक्ष जांच के निर्देश

डॉ. हसन को निलंबन के दौरान रुद्रप्रयाग मुख्यालय में अटैच किया गया है, जहां से वे विभागीय जांच में सहयोग करेंगे। स्वास्थ्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच की जाए। यदि दोष सिद्ध होता है, तो नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *