“मुख्यमंत्री ने 187 चयनित अभ्यर्थियों व आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे”

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 187 चयनित अभ्यर्थियों और पात्र आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें सिंचाई विभाग के 144 पदों पर चयनित अभ्यर्थी और उत्तराखण्ड परिवहन निगम में मृतक आश्रित कोटे के अंतर्गत 43 पात्र आश्रित शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें ईमानदारी, निष्ठा, पारदर्शिता तथा कर्तव्यबोध के साथ सेवा देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों की नियुक्तियों की दिशा में भी गंभीर प्रयास किए गए हैं। 150 आश्रितों को नियुक्ति पहले ही दी जा चुकी है और अब शेष 43 को भी यह अवसर प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2024 में परिवहन निगम ने 56 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ अर्जित किया, जो राज्य सरकार की बेहतर नीतियों और प्रबंधन का परिणाम है।

राज्य में पहले भर्ती प्रक्रियाएं पक्षपात, भ्रष्टाचार और धांधली की शिकार थीं, लेकिन अब नकल विरोधी कड़े कानून के जरिए पारदर्शी और मेरिट आधारित चयन सुनिश्चित किया गया है। बीते साढ़े तीन वर्षों में 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और अब किसी भी भ्रष्टाचार के मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जा रहा है। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों के अधिकतम उपयोग का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को उत्तराखंड सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ साकार कर रही है। सिंचाई विभाग के चयनित अभ्यर्थियों की भूमिका राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास को गति देने में महत्वपूर्ण होगी। वे जल प्रबंधन की योजनाओं को धरातल पर उतारकर किसानों तक लाभ पहुंचाएंगे। इनमें कई अभ्यर्थी राज्य आंदोलनकारी क्षैतिज आरक्षण कोटे के तहत चयनित हुए हैं, जो गर्व का विषय है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में अब तक 23 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। सिंचाई विभाग को नई ऊर्जा और गति मिलेगी।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, सविता कपूर, सचिव युगल किशोर पंत, अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *