उत्तराखंड: ‘स्वामी जी प्लीज’ गीत पर विवाद गहराया, प्रियंका मेहर को नोटिस-उर्गम घाटी के लोग आहत
उत्तराखंड की लोकप्रिय लोक गायिका प्रियंका मेहर अपने नए गीत ‘Swami Ji Please’ को लेकर गंभीर विवादों में घिर गई हैं। गीत के एक हिस्से पर आपत्ति जताते हुए जोशीमठ के ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी ने प्रियंका मेहर को एक औपचारिक नोटिस जारी किया है। मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है और सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय समुदायों तक यह विवाद चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।
चमोली जिले के उर्गम घाटी से जुड़े लोगों ने गीत में प्रयोग की गई एक पंक्ति—
“उर्गम के कस्से में दगड़ियों के साथ फुल नशे में”
—पर कड़ी आपत्ति जताई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस लाइन के कारण उर्गम क्षेत्र को नकारात्मक रूप में पेश किया गया है, जो उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा के विरुद्ध है। उनका मानना है कि इस प्रकार का चित्रण घाटी की सामाजिक मर्यादा और वहां की पवित्र पहचान को नुकसान पहुंचाता है।
ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी ने कहा कि उर्गम घाटी सिर्फ एक साधारण स्थान नहीं है, बल्कि यह पंचकेदार में शामिल कल्पनाथ और पंचबदरी में प्रमुख ध्यान बदरीनाथ जैसे धार्मिक स्थलों की पवित्र भूमि है। उनका कहना है कि ऐसी दिव्य और आध्यात्मिक पहचान वाले क्षेत्र को गीत में नशे से जोड़ना अत्यंत अपमानजनक है और इससे स्थानीय लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गीत में क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक छवि को गलत रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसे वे जानबूझकर किया गया दुष्प्रचार मानते हैं।
