देहरादून में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने शुक्रवार देर रात सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। Anita Chamola के निर्देशन में 29/30 मई 2026 की रात यह विशेष अभियान शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर संचालित किया गया।
अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन देहरादून, एआरटीओ विकासनगर और इंटरसेप्टर दल की संयुक्त टीमों ने आईएसबीटी, बल्लूपुर चौक, ट्रांसपोर्ट नगर और आशारोड़ी क्षेत्र में वाहनों की गहन जांच की। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और खतरनाक तरीके से वाहन संचालन करने वालों पर कार्रवाई करना था।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
जांच के दौरान विभाग ने विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों, बिना फिटनेस संचालित वाहनों, ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे BlaBlaCar तथा Rapido के माध्यम से निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर नजर रखी।
संयुक्त अभियान के दौरान कुल 42 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 10 वाहनों को विभिन्न उल्लंघनों के चलते सीज किया गया। सीज किए गए वाहनों में बिना फिटनेस चल रहे वाहन, ओवरलोड वाहन और शराब के नशे में वाहन चला रहे चालक प्रमुख रूप से शामिल रहे।
“जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क पर चलने वाले सभी लोगों के लिए गंभीर खतरा है। वहीं बिना फिटनेस और ओवरलोड वाहन दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनते हैं। विभाग ने ऐसे मामलों में “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सभी दस्तावेज अपडेट रखें और किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
आगे भी जारी रहेंगे विशेष अभियान
परिवहन विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत बनाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
अभियान में Pankaj Srivastava, Anil Singh Negi तथा परिवहन कर अधिकारी Shweta Rauthan अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे।