देहरादून में पहली बार उत्साह के साथ मनाया गया ट्रांसजेंडर अधिकार दिवस, समाज के समर्थन ने बढ़ाया हौसला

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार को ट्रांसजेंडर अधिकार दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन होप संस्था, यारियां समिति, और तेजस्विनी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य आयोजक अदिति शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 अप्रैल 2014 का दिन ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक दिन रहा। इस दिन भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए ट्रांसजेंडरों को संविधान के तहत समान अधिकारों का पात्र माना था। हालांकि इतने महत्वपूर्ण दिन को अब तक बड़े स्तर पर नहीं मनाया गया, लेकिन उत्तराखंड ने इस पहल की शुरुआत कर एक मिसाल कायम की है।

कार्यक्रम की शुरुआत ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन से की गई, जो इस अवसर को और भी अधिक विशेष बना गया। कार्यक्रम में कई प्रसिद्ध समाजसेवी एवं वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। इनमे प्रमुख रूप से राम गोयल, श्रद्धा बचेती, डॉ. स्वाति मिश्रा, डॉ. मुकुल शर्मा, उषा चौधरी, पूजा चौहान, आचार्य वर्षा माटा, फरजाना, और हेमा परिहार शामिल रहे।

वक्ताओं ने ट्रांसजेंडर समुदाय को समाज में बराबरी का दर्जा देने की आवश्यकता पर बल दिया और उनके हौसले को सलाम किया। इस अवसर पर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी खुशी और गर्व को प्रस्तुत किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी विशेष अतिथियों का स्वागत यारियां समिति की अध्यक्ष रेक्सा और होप संस्था की अध्यक्ष अदिति शर्मा ने मोमेंटो और पुष्पहार भेंट कर किया।

यह आयोजन न केवल ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणा बनकर सामने आया है, जो समानता और सम्मान की दिशा में बढ़ाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.