काशीपुर/रुद्रपुर। काशीपुर में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। महाराणा प्रताप चौक के पास अचानक लगी आग ने देखते ही देखते तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
घटना सुबह करीब 6:15 बजेजीजीआईसी स्कूल के पास हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले दो साइकिल पंचर की दुकानों में लगी, जो स्थानीय निवासी अनिल शर्मा की बताई जा रही हैं। देखते ही देखते आग ने पास की तीसरी दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
दुकानों में रखा टायर, ट्यूब, रबर और अन्य सामान तेजी से आग की लपटों में घिर गया। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश करते हुए तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और इमारतों को बचा लिया गया।
दमकल कर्मी अर्जुन सिंह के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
इस घटना में तीन दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।