यमुनोत्री–गंगोत्री से केदारनाथ तक बर्फ की चादर, 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून।उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे ठंड में तेज़ इजाफा दर्ज किया गया है। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी
उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री और गंगोत्री धाम, देहरादून जिले के चकराता, मसूरी और धनोल्टी में सुबह से लगातार बर्फबारी हो रही है। इन सभी इलाकों में यह इस सर्दी की पहली बर्फबारी है, जिससे पहाड़ सफेद चादर में ढक गए हैं।
वहीं रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम में भी आज बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे धाम क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है।
देहरादून में बारिश, तापमान में गिरावट
राजधानी देहरादून में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। देहरादून का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को सुबह और शाम के समय ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।
कई जिलों में बादल, ठंड बढ़ी
प्रदेश के नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बादल छाए हुए हैं। बारिश और बर्फबारी के चलते इन क्षेत्रों में ठंड और बढ़ गई है।
6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 23 जनवरी को प्रदेश के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की प्रबल संभावना जताई गई है।
वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।
ओलावृष्टि, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अन्य जिलों में – ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं
चलने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि 28 जनवरी तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश भर में साफ तौर पर देखा जा रहा है।
गढ़वाल और कुमाऊं में सक्रिय रहेगा मौसम
आज गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। खासतौर पर चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में मौसम अधिक सक्रिय रहने के आसार हैं। मैदानी जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
ठंड बढ़ने के संकेत, सतर्कता जरूरी
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ेगी।
मौसम विभाग ने – पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों, किसानों, पर्यटकों
को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। फिसलन, खराब मौसम और सड़क अवरोध की आशंका को देखते हुए यात्रा से पहले मौसम अपडेट लेने की अपील की गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटे तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है।