अंकिता हत्याकांड में सीबीआई जांच पर कांग्रेस संतुष्ट नहीं, गोदियाल बोले– न्यायिक निगरानी जरूरी

देहरादून।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की सिफारिश को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे प्रदेश की जनता के संघर्ष की जीत बताया है, लेकिन साथ ही इसे अधूरा फैसला करार दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक इस संवेदनशील मामले की जांच हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के किसी न्यायाधीश की निगरानी में नहीं होती, तब तक सच्चाई सामने आना मुश्किल है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में जिन लोगों पर गंभीर आरोप लग रहे हैं, वे सीधे तौर पर सत्ताधारी दल से जुड़े बताए जा रहे हैं, ऐसे में केवल सीबीआई जांच का आदेश जनता की आशंकाओं को पूरी तरह दूर नहीं करता। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के कारण सीबीआई की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर और संवेदनशील है, जिसमें शुरू से ही कई सवाल खड़े होते रहे हैं। ऐसे में जांच एजेंसी पर जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि जांच किसी संवैधानिक न्यायिक निगरानी में हो।

जांच में चूक का अप्रत्यक्ष स्वीकार

गोदियाल ने कहा कि सीबीआई जांच की सिफारिश कर राज्य सरकार ने अप्रत्यक्ष रूप से यह स्वीकार कर लिया है कि अब तक की जांच में गंभीर चूक हुई है। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक पहल है कि सरकार ने अपनी गलती सुधारने का प्रयास किया, लेकिन केवल सिफारिश से न्याय नहीं मिलेगा।

वीआईपी नाम उजागर होने तक संघर्ष जारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दो टूक कहा कि जब तक इस मामले में कथित वीआईपी के नाम का खुलासा नहीं किया जाता और घटनास्थल पर सबूत मिटाने के लिए बुलडोजर चलाने वालों को सजा नहीं मिलती, तब तक कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने यह भी मांग की कि सीबीआई जांच समयबद्ध हो, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके और मामले को लंबा खींचकर कमजोर न किया जा सके।

सड़क से सदन तक आंदोलन

गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा और न्याय का सवाल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html