बाबा के जयकारों के साथ निकली नगर परिक्रमा, भक्तिमय माहौल में झूम उठा दून शहर

देहरादून। ऐतिहासिक श्री गुरु राम राय दरबार साहिब से मंगलवार को बाबा के जयकारों के साथ भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भक्ति भाव से गूंजते जयकारों के बीच पूरा शहर भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया।

नगर परिक्रमा दरबार साहिब से शुरू होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए एसजीआरआर बिंदाल पहुंची। इस दौरान दरबार साहिब के सज्जादानशीन महंत देवेंद्र दास के सानिध्य में संगत ने परिक्रमा में भाग लिया।

परिक्रमा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर संगत का स्वागत किया और शीतल पेय व प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। कई स्थानों पर संगत के लोगों ने सड़क पर झाड़ू लगाकर और पानी का छिड़काव कर सेवा का भाव भी प्रदर्शित किया।

यातायात व्यवस्था में किए गए विशेष इंतजाम

नगर परिक्रमा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया।

सहारनपुर चौक पहुंचने पर कांवली रोड से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को रोक दिया गया, जबकि पटेलनगर मंडी से आने वाले वाहनों को कमला पैलेस की ओर भेजा गया। वहीं बल्लीवाला से आने वाले यातायात को बल्लूपुर और जीएमएस रोड की ओर डायवर्ट किया गया।

जब परिक्रमा बिंदाल से घंटाघर की ओर बढ़ी तो बिंदाल चौक से घंटाघर तक सड़क को दो भागों में बांटकर यातायात और परिक्रमा दोनों का संचालन किया गया।

शहर के प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी परिक्रमा

नगर परिक्रमा आगे पल्टन बाजार और आढ़त बाजार होते हुए महंतों की समाधि स्थल पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद परिक्रमा पुनः दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न हुई।

परिक्रमा के समापन पर महंत देवेंद्र दास ने संगत को आशीर्वाद देते हुए सभी के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान शहर में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा माहौल देखने को मिला।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html