ग्रामीण रोजगार को लेकर भाजपा का बड़ा अभियान, VB-G RAM G के लिए गांव-गांव जनजागरण

देहरादून।भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM G) को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत गांव-गांव तक पहुंच बनाने के लिए घर-घर संपर्क, किसान पदयात्रा, ट्रैक्टर रैली और बैलगाड़ी रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस संबंध में शनिवार को उत्तराखंड भाजपा मुख्यालय, देहरादून में एक प्रदेश स्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मार्गदर्शन भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने किया। कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह-प्रभारी एवं अभियान से जुड़ी विभिन्न टोलियों के सदस्य उपस्थित रहे।

प्रदेश स्तर पर गठित हुई समन्वय टोलियां

कार्यशाला में बताया गया कि VB-G RAM G जनजागरण अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार के नेतृत्व में समन्वय टोलियों का गठन किया गया है। अभियान के प्रदेश स्तरीय समन्वय में महेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा भुवन विक्रम डबराल (दायित्वधारी), देशराज कर्णवाल (दायित्वधारी) और उमेश त्रिपाठी, प्रदेश सह-संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ की अहम भूमिका रहेगी।

मनरेगा के स्थान पर नया मॉडल: महेंद्र भट्ट

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद द्वारा पारित विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन विधेयक 2025 (VB-G RAM G) ग्रामीण भारत के लिए एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि यह कानून मनरेगा का स्थान लेगा और ग्रामीण विकास को नई दिशा देगा।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह अधिनियम आजीविका सृजन के साथ-साथ परिसंपत्ति निर्माण को बढ़ावा देगा और भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाएगा। यह प्रधानमंत्री की किसानों, श्रमिकों और ग्रामीण समाज के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में ग्रामीण भारत की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह कानून एक मजबूत आधार बनेगा।

जिला और ग्राम स्तर तक पहुंचेगा अभियान

अभियान के प्रदेश समन्वयक कुंदन सिंह परिहार ने जानकारी दी कि अभियान की गतिविधियों के संचालन के लिए प्रत्येक जिले में चार सदस्यीय जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। इनके सहयोग से जिला मुख्यालयों पर योजना का प्रस्तुतीकरण और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी।

इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्यों, ब्लॉक पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों के जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सांसद, विधायक, सहकारी संस्थाओं के जिला स्तरीय सदस्य, जिला व ब्लॉक पंचायत के चुनाव लड़े प्रत्याशी भी शामिल होंगे।

किसान-श्रमिक चौपाल और घर-घर संपर्क

उन्होंने बताया कि सभी निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों और सहकारी समितियों के निर्वाचित अध्यक्षों के लिए ब्लॉक या मंडल स्तरीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। ग्राम पंचायत स्तर पर किसान एवं श्रमिक चौपाल लगाकर किसानों और मजदूरों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।

अभियान के तहत गांवों में घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। ब्लॉक मुख्यालय स्तर पर किसान पदयात्रा, ट्रैक्टर रैली और बैलगाड़ी रैली के माध्यम से VB-G RAM G अधिनियम की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। अभियान की शुरुआत से पूर्व जिला, मंडल और ग्राम स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए वर्चुअल कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा।

किसान और मजदूर संगठनों से सीधा संवाद

भाजपा द्वारा सभी किसान संगठनों एवं किसान-मजदूर संगठनों के साथ विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि उन्हें VB-G RAM G अधिनियम के उद्देश्यों और लाभों की विस्तार से जानकारी दी जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html