धराली में राहत की जंग : दलदल में जिंदगी की तलाश शुरू

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के धराली में आई भीषण प्राकृतिक आपदा को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन प्रभावित इलाकों में हालात अब भी गंभीर हैं। इस आपदा ने न केवल गंगोत्री हाईवे (NH-94) को तबाह कर दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र को एक दलदल और मलबे के मरुस्थल में बदल दिया है। सड़क मार्ग से धराली तक पहुंचने की कोशिशें आज तीसरे दिन भी असफल रहीं, हालांकि मौसम साफ रहने से हेली सेवाओं के जरिए बचाव और राहत कार्यों में तेजी आ पाई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राहत कार्य की कमान संभाल रहे हैं। उन्होंने पीड़ितों और घायलों से मुलाकात की, अस्पताल में उनका हाल जाना और अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हेली सेवाओं से उत्तरकाशी से एनडीआरएफ, डॉक्टरों की टीम और प्रशासनिक अधिकारी धराली पहुंचे हैं। दलदल में दबे लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। हेली कॉप्टर न केवल आवश्यक राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं बल्कि प्रभावितों को धराली से सुरक्षित स्थानों पर ला भी रहे हैं।

भमोली गांव में फंसे यात्रियों को हर्षिल के मताली हेलीपैड लाया जा रहा है। अब तक 300 से अधिक लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है और 16 गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर एम्स और जॉलीग्रांट अस्पताल भेजा गया है। सेना के चिनूक हेलीकॉप्टर की सेवाएं भी बहाल हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि मौसम साफ रहने तक हेली सेवा जारी रहे।

सड़क मार्ग से अब भी धराली तक पहुंच संभव नहीं है। भटवाड़ी में दो स्थानों पर हाईवे दुरुस्त किया जा चुका है, लेकिन गंगनानी में भागीरथी पर पुल निर्माण कार्य जारी है। सेना इस अस्थायी पुल को बनाने में जुटी है, वहीं हर्षिल तक सड़क मार्ग खुल चुका है।

धराली में तैनात सेना और एनडीआरएफ टीमें सैटेलाइट फोन की मदद से बचाव और राहत समन्वय कर रही हैं। मलबे की ऊंचाई 15 से 20 फीट तक पहुंच गई है, जिससे दबे लोगों को खोज निकालना बेहद कठिन हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोग अब भी लापता हैं और कई परिवारों का अपने 5-6 सदस्यों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

पूरा धराली जैसे एक रेगिस्तान में बदल चुका है, लेकिन शासन-प्रशासन और बचाव दल अब भी उम्मीदों की लौ जलाए, जिंदगी बचाने की जंग लड़ रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html