उत्तराखंड की राजनीति में हलचल: भाजपा में शामिल हो सकते हैं कांग्रेस के 10 विधायक!

देहरादून, 
उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव आ सकता है। भाजपा नेता मथुरा दत्त जोशी के हालिया बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। उनका दावा है कि कांग्रेस के 10 विधायक जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं। इस बयान ने कांग्रेस खेमे में चिंता बढ़ा दी है।

हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, “भाजपा में कांग्रेस के कई नेता पहले ही जा चुके हैं और उनकी वजह से सत्ताधारी दल में उथल-पुथल मची हुई है। अब भाजपा में कांग्रेस के लिए कोई जगह नहीं बची है। कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है और किसी भी विधायक के पार्टी छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता।”

मथुरा दत्त जोशी, जो स्वयं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, ने दावा किया कि कांग्रेस के 10 विधायक शीघ्र ही पार्टी छोड़ सकते हैं। उनका बयान ऐसे समय पर आया है जब कांग्रेस के नेता हाल ही में अहमदाबाद में हुए राष्ट्रीय अधिवेशन से ‘एकजुटता’ का संदेश लेकर लौटे हैं। इस अधिवेशन में 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने पर ज़ोर दिया गया।

करन माहरा ने पलटवार करते हुए कहा, “भाजपा नेताओं में बेचैनी इस बात का संकेत है कि वे अपनी पार्टी की अंदरूनी अस्थिरता को छिपाने के लिए इस तरह के दावे कर रहे हैं। कांग्रेस एकजुट है और मजबूत संगठन के साथ आगे बढ़ रही है।”

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मथुरा दत्त जोशी का बयान कांग्रेस की रणनीति और एकजुटता को चुनौती देने की कोशिश है, लेकिन इसके पीछे सत्ता पक्ष की असुरक्षा भी झलकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html