कुंवर प्रणव चैंपियन को अपना पक्ष रखने का अवसर देंगे प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट
देहरादून। भाजपा सांसद और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विधायक उमेश शर्मा और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के बीच हुए विवाद में पार्टी किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से पहले चैंपियन को अपना पक्ष रखने का मौका देगी।
भट्ट ने कहा कि दोनों जनप्रतिनिधियों का आचरण अमर्यादित और निंदनीय था, और किसी जनप्रतिनिधि से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती। हालांकि, पार्टी चैंपियन को यह मौका देगी कि वह स्थिति और परिस्थितियों के बारे में अपना पक्ष रखे। भट्ट ने यह भी बताया कि चैंपियन वर्तमान में जेल में हैं, लेकिन जैसे ही वह बाहर आएंगे, पार्टी उन्हें नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर प्रदान करेगी।
भट्ट ने पार्टी के नियमों की चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी सदस्य के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले उन्हें अपनी बात रखने का मौका देना जरूरी होता है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भाजपा चैंपियन के निष्कासन की तैयारी कर रही थी, लेकिन अब पार्टी का रुख कुछ नरम हो गया है और भाजपा दोनों ही जनप्रतिनिधियों को समान रूप से दोषी मान रही है।
भट्ट ने बताया कि लैंडोरा में हुई गुर्जर पंचायत में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग चैंपियन के समर्थन में आए थे, जिससे भाजपा का रुख थोड़ा बदलने का संकेत मिल रहा है।
भट्ट ने आगे कहा कि भाजपा ने निकाय चुनाव में शानदार जीत हासिल की है और अब ग्राम पंचायत चुनाव में भी पार्टी सभी 12 सीटों पर जीत का दावा करती है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार सीट पर भाजपा का पहले से कब्जा है और अब राज्य में विकास की गति तेज होगी।
सीएम धामी इन दिनों दिल्ली में हैं और राज्य की कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को गति देने के लिए केंद्रीय मंत्रियों से संपर्क बनाए हुए हैं।