स्मैक माफिया मुस्कान गिरफ्तार: यमुना घाटी के युवाओं को बना रहा था नशे का शिकार
बड़कोट पुलिस ने देहरादून विकासनगर से दबोचा मुख्य सप्लायर, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी पुलिस ने “ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने यमुना घाटी क्षेत्र में स्मैक की सप्लाई करने वाले मुख्य डीलर मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को स्मैक के साथ पकड़ा गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
देहरादून विकासनगर से हुई गिरफ्तारी
बड़कोट थाना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत स्मैक माफिया मुस्कान को विकासनगर, देहरादून के कुंजाग्रांट क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह नेगी के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष दीपक कठैत के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे देर रात दबोच लिया।
भागने का प्रयास विफल
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी मुस्कान ने पुलिस टीम को चकमा देने की कोशिश की।
थाना बड़कोट पुलिस उसे लेकर लौट रही थी, तभी बर्नीगाड़ क्षेत्र के पास उसने लघुशंका का बहाना बनाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसे लाखामंडल क्षेत्र से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले गिरफ्तार तस्करों से खुला मुस्कान का नाम
पुलिस ने बताया कि जुलाई 2025 में बड़कोट क्षेत्र में जसवंत रावत और सौरभ चौहान नामक दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि उन्हें यह नशा मुस्कान नामक डीलर से मिलता था, जो देहरादून विकासनगर क्षेत्र से नेटवर्क संचालित करता है।
इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने मुस्कान की कुंडली खंगालनी शुरू की और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और गवाहों के बयान एकत्र किए।
देहरादून से यमुना घाटी तक फैला नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ कि मुस्कान देहरादून से यमुना घाटी के युवाओं तक स्मैक सप्लाई करता था।
वह नशे की लत में फंसे युवाओं से बड़ी रकम वसूलता था और इस नेटवर्क को संगठित तरीके से संचालित कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि मुस्कान ने यमुना घाटी के कई नवयुवकों को स्मैक के दलदल में धकेलने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस की जांच जारी
बड़कोट पुलिस आरोपी मुस्कान के आपराधिक इतिहास और उसके नेटवर्क की संपूर्ण कड़ियों की जांच कर रही है।
यह पता लगाया जा रहा है कि वह स्मैक कहां से लाता था और किन लोगों से उसका संपर्क था।
एसपी सरिता डोभाल ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उत्तरकाशी पुलिस का यह अभियान “ड्रग फ्री देवभूमि” को साकार करने की दिशा में एक और बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।