श्रोत महोत्सव 2025: भारत की जीवंत सांस्कृतिक विरासत का सात दिवसीय उत्सव 7 अक्टूबर से देहरादून में

देहरादून। भारत की समृद्ध कला, शिल्प और संस्कृति को एक मंच पर लाने वाला ‘श्रोत महोत्सव 2025’ इस वर्ष 7 से 13 अक्टूबर तक परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित होगा। तारा जोशी फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह सात दिवसीय राष्ट्रीय महोत्सव देशभर के 100 से अधिक कारीगरों, कलाकारों और स्वयं सहायता समूहों को एक साथ लाएगा।

महोत्सव का उद्देश्य भारत के पारंपरिक हथकरघे, हस्तशिल्प, लोक संगीत, नृत्य और ग्रामीण कलात्मकता को पुनर्जीवित और बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से “वोकल फॉर लोकल” की भावना को सशक्त किया जाएगा। कार्यक्रम में कार्यशालाएँ, लाइव शिल्प प्रदर्शन, युवा-केंद्रित सत्र और प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल होंगी।

7 अक्टूबर को महोत्सव का उद्घाटन मशहूर अभिनेता पंकज त्रिपाठी करेंगे। उद्घाटन समारोह में राजस्थान के लोक संगीत उस्ताद पद्म श्री अनवर खान मांगणियार विशेष प्रस्तुति देंगे।

पूरे सप्ताह आगंतुकों के लिए अनेक आकर्षण होंगे —

सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ: लोक और फ्यूजन संगीत की रंगीन शामें, जिनमें रुहान भारद्वाज, विक्की चौहान, भक्त चरण सिंह चौधरी एवं पारंपरिक पहाड़ी नृत्य दल शामिल होंगे।

युवा कार्यशालाएँ: मानसिक स्वास्थ्य, वैदिक गणित और ओपन माइक पोएट्री जैसे विषयों पर विशेष सत्र।

कारीगर स्टॉल: विभिन्न राज्यों के हथकरघे, जनजातीय शिल्प, आभूषण, मिट्टी के बर्तन और गृह सज्जा सामग्री का प्रदर्शन व विक्रय।

मनोरंजक शामें: परिवारों और युवाओं के लिए डांडिया एवं गरबा नाइट्स।

13 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्रीमती गीता धामी “महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता” विषय पर अपने विचार साझा करेंगी। इस अवसर पर कारीगरों और पैनलिस्टों का सम्मान किया जाएगा, साथ ही भक्त चरण सिंह चौधरी एवं मित्र मंडल द्वारा बांसुरी वादन और पहाड़ी नाटी का मनमोहक प्रदर्शन होगा।

तारा जोशी फाउंडेशन ने कहा कि श्रोत महोत्सव का उद्देश्य न केवल कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करना है, बल्कि महिलाओं, कारीगरों और ग्रामीण समुदायों के सशक्तिकरण के साथ टिकाऊ सांस्कृतिक पर्यटन (Sustainable Cultural Tourism) को बढ़ावा देना भी है।

स्थान: परेड ग्राउंड, देहरादून

तिथि: 7 से 13 अक्टूबर 2025

समय: प्रातः 11:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html