देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार सुबह रोड रेज की एक भयावह घटना सामने आई, जिसमें अंधाधुंध फायरिंग के दौरान एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 74 वर्षीय मुकेश जोशी के रूप में हुई है, जो जाखन स्थित तुला ग्रीन अपार्टमेंट के निवासी थे। वह रोज की तरह सुबह करीब 6:39 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मसूरी रोड के मालसी क्षेत्र में दो कार सवारों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। एक स्कॉर्पियो और दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार के बीच शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए उसके टायरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे ब्रिगेडियर मुकेश जोशी गोली की चपेट में आ गए। गोली उनके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर कार जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार करीब 10-12 लोगों ने कार सवारों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में फॉर्च्यूनर सवार दो लोग घायल हुए हैं।
स्थानीय पार्षद सागर लामा के अनुसार, सुबह करीब 6:40 बजे तेज रफ्तार में दौड़ रही दोनों गाड़ियों के बीच विवाद के दौरान एक युवक अंधाधुंध फायरिंग कर रहा था। उस समय सड़क पर अन्य लोग भी मौजूद थे, जिससे कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई।
देहरादून पुलिस के अनुसार, सुबह 6:50 बजे कंट्रोल रूम को फायरिंग की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रमेंद्र डोभाल सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
घटना के बाद आरोपी स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।