हरिद्वार में अपहरण और हत्या का सनसनीखेज खुलासा: टेलर समेत दो गिरफ्तार, गंगनहर में शव की तलाश जारी
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पिरान कलियर थाना क्षेत्र से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। होटल संचालक नसीर के 20 वर्षीय बेटे अनवर का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है और बताया कि फिरौती के लिए अपहरण की साजिश रची गई थी।
छह सितंबर से लापता था अनवर
जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर (शनिवार) को बेडपुर गांव निवासी अनवर अपने होटल के लिए घर से निकला था, लेकिन वह होटल नहीं पहुंचा। शाम चार बजे से उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। उसी रात अनवर के जीजा जुबैर को अनवर के ही मोबाइल से कॉल आया, जिसमें 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।
पुलिस ने बनाई विशेष जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने विशेष जांच टीमें गठित कीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सबूतों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि नसीर के पुराने किराएदार और टेलर का काम करने वाले अमजद तथा उसके दोस्त फरमान उर्फ लालू पर शक गहराया।
यूट्यूब और क्राइम शो से सीखी थी तरकीब
जब दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। दोनों ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब और क्राइम टीवी शो देखकर अपहरण की योजना बनाई थी। उन्हें उम्मीद थी कि भारी रकम मिल जाएगी। लेकिन अपहरण के तुरंत बाद ही अनवर की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
प्लास्टिक बोरे में भरकर गंगनहर में फेंका शव
आरोपियों ने बताया कि शनिवार शाम चार बजे अनवर की हत्या कर शव को प्लास्टिक के बोरे में भर दिया। इसके बाद शव को बाइक से धनौरी रोड की ओर ले जाया गया, लेकिन बीच रास्ते बाइक पंचर हो गई। तब अमजद ई-रिक्शा लेकर पहुंचा और दोनों ने मिलकर शव को गंगनहर में सुमन नगर के पास फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी कलियर मेले में घूमते रहे ताकि शक न हो।
परिजनों को फिरौती कॉल
हत्या के बाद भी आरोपियों ने परिजनों को गुमराह करने के लिए फिरौती की मांग जारी रखी। अमजद ने अनवर के मोबाइल से जीजा जुबैर को फोन कर कहा – “आपका लड़का हमारे पास है, 25 लाख रुपये लेकर आओ।” उसने अगली रात भी अलग-अलग फ्लाईओवर पर बुलाने की कोशिश की लेकिन खुद वहां नहीं पहुंचा और फोन बंद कर दिया।
गंगनहर में शव की तलाश
फिलहाल पुलिस टीमें गंगनहर में अनवर के शव की तलाश कर रही हैं। गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन अब तक शव बरामद नहीं हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी
-
अमजद (33 वर्ष): निवासी मुकर्बपुर, थाना कलियर। दिव्यांग और पेशे से टेलर।
-
फरमान उर्फ लालू (32 वर्ष): निवासी मुस्तफाबाद, थाना बहादराबाद।