पुष्कर सिंह धामी ने महिला रामलीला कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से किया संबोधन, आयोजन समिति को दी बधाई
शनिवार सायं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी के हीरानगर स्थित पर्वतीय उत्थान मंच में पुनर्नवा महिला समिति द्वारा आयोजित महिला रामलीला कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महिला रामलीला के अभिनव मंचन के लिए आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाना हम सभी के लिए आवश्यक है और सरकार भी उन्हीं मूल्यों को आत्मसात करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में सांस्कृतिक और धार्मिक उत्थान को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी, मथुरा और अयोध्या सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण और उत्तराखंड के केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और वे राज्य के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा केदारपुरी से किया गया “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक” का संकल्प राज्य के विकास का मार्गदर्शन कर रहा है। साथ ही, प्रधानमंत्री की आदि कैलाश यात्रा के बाद क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे उत्तराखंड के विकास में सहयोग करें और भगवान श्रीराम के सत्य व ईमानदारी के मार्ग पर चलें, जिससे राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर श्याम अग्रवाल, प्रताप बिष्ट, शंकर कोरंगा, आनंद दर्मवाल, मधुकर क्षत्रिय, विनीत अग्रवाल, शांति जीना, लता बोरा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।