पुष्कर सिंह धामी ने डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ समारोह को किया संबोधित, युवाओं को बताया राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून स्थित डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह में प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। उनकी ऊर्जा, संकल्प और नवाचार ही भारत के विकास की दिशा तय करते हैं। उन्होंने छात्र राजनीति को नेतृत्व विकास, संगठन क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और सामाजिक चेतना विकसित करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र और राष्ट्र निर्माण भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी योजनाओं से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य में उच्च शिक्षा की आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है, जिसमें नए महाविद्यालयों की स्थापना, मॉडल कॉलेजों का निर्माण, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवन शामिल हैं। साथ ही शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्तियां भी की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कॉलेज के अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शैक्षणिक ब्लॉक की छत पर दो अतिरिक्त तल के निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, रामसिंह कैड़ा, विधायक उमेश कुमार, प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, महामंत्री करन नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।