देहरादून/अल्मोड़ा/हरिद्वार। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला पर गुरुवार को पूरे प्रदेश में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजा। राज्यभर में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर धाम में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वृद्ध जागेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पौधारोपण किया और प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और धरती माता के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष पूरे प्रदेश में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे समय से पहले ही पार कर लिया गया है। अब तक 10 लाख 80 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है, जो जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता का प्रमाण है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में भी भाग लिया और कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
हरिद्वार में भी हरेला की रही धूम
हरेला पर्व पर हरिद्वार में भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी तथा अन्य अधिकारियों एवं समाजसेवियों के साथ पौधारोपण किया।
हरिद्वार वन विभाग द्वारा विकसित मियांवाकी नगर वन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 200 पौधे लगाए गए। इनमें नीम, पीपल, बरगद और रुद्राक्ष जैसी पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण प्रजातियां शामिल रहीं। कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।
सतपाल महाराज ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का सबसे बड़ा जनपर्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर सभी विभागों द्वारा बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बेटे के साथ लगाया पौधा
हरिद्वार में रोशनाबाद स्थित परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने बेटे के साथ फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने भी जनपदभर में पौधारोपण अभियान चलाकर हरेला पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
प्रदेशभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। हरेला पर्व पर लगाए गए पौधों का संरक्षण ही इस अभियान की वास्तविक सफलता सुनिश्चित करेगा।