उत्तराखंड के नए महालेखाकार बने मोहम्मद परवेज आलम

उत्तराखंड के नए महालेखाकार बने मोहम्मद परवेज आलम,

लेखा और लेखा परीक्षा में व्यापक अनुभव

देहरादून, : भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा सेवा (IA&AS) के वरिष्ठ अधिकारी मोहम्मद परवेज आलम ने उत्तराखंड के महालेखाकार (लेखा एवं अधिकारिता) के पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इसके साथ ही उन्हें महालेखाकार (लेखापरीक्षा) कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

आलम 2008 बैच के आईएएंडएएस अधिकारी हैं और इससे पहले बिहार, झारखंड और मणिपुर जैसे राज्यों में उप-महालेखाकार और वरिष्ठ उप-महालेखाकार के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। उन्होंने भारतीय वायु सेना, भारत सरकार के वित्त मंत्रालय और अन्य केंद्रीय निकायों में लेखापरीक्षा संबंधी कार्यों में भी अपना योगदान दिया है।

उत्तराखंड में नियुक्ति से पूर्व, वे भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) के कार्यालय, नई दिल्ली में प्रधान निदेशक (उत्तर-पूर्वी क्षेत्र-I) के पद पर कार्यरत थे। उनके पास सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन, लेखा और लेखा परीक्षा के क्षेत्र में गहरा अनुभव है।

श्री आलम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कई प्रमुख लेखा परीक्षाएं की हैं, जिनमें बांग्लादेश और बहरीन में दूतावास लेखा परीक्षा, हनोई और जकार्ता स्थित अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) की वित्तीय एवं अनुपालन लेखा परीक्षाएं, और लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों तथा न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय की अनुपालन लेखा परीक्षा शामिल हैं।

बिहार के मूल निवासी परवेज आलम वित्त और मानव संसाधन प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिग्री धारक हैं। उत्तराखंड के महालेखाकार (A&E) के रूप में अब वे राज्य सरकार के वित्तीय खातों एवं विनियोग लेखा का संकलन और तैयारी, तथा राज्य कोष से प्राप्तियों और व्ययों की लेखा परीक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html