महिला कांग्रेस का सरकार पर हल्ला बोल: यूसीसी, महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन

देहरादून। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने निकलीं महिलाओं को पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने वहीं धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) में लिव-इन रिलेशनशिप को मान्यता देने का विरोध करते हुए इसे देवभूमि की संस्कृति पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि सरकार विवाह जैसे पवित्र संस्कार को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महंगाई और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नाराजगी

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में इजाफा हुआ है। इसके बावजूद सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

धार्मिक राजनीति से जनता का ध्यान भटका रही सरकार’

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक और सांप्रदायिक राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर काम करने की बजाय मस्जिदों, मजारों और मदरसों की राजनीति में व्यस्त है।

महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने UCC में लिव-इन संबंधों को मान्यता देने वाले प्रावधान को वापस नहीं लिया और महंगाई व महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html